लकड़ी उठाने के दौरान 22 वर्षीय युवती को सांप ने डंसा, अस्पताल में इलाज जारी

मनोहरपुर:- मनोहरपुर प्रखंड के कुर्थाबेड़ा पंचायत अंतर्गत बिजाटोली गांव में शुक्रवार शाम लकड़ी उठाने के दौरान एक 22 वर्षीय युवती को सांप ने डंस लिया। घटना के बाद परिजनों ने तत्काल युवती को मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
घर के बाहर लकड़ी उठाते समय हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, बिजाटोली गांव निवासी ननकी महतो शुक्रवार शाम करीब 5 बजे घर के बाहर लकड़ी उठा रही थीं। इसी दौरान वहां मौजूद सांप ने उनके दाएं हाथ की अंगुली में डंस लिया। सांप के डंसते ही युवती की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजन उन्हें आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे।
चिकित्सक ने बताया खतरे से बाहर
मनोहरपुर सीएचसी में चिकित्सकों की देखरेख में युवती का उपचार जारी है। चिकित्सक के अनुसार, फिलहाल ननकी महतो की स्थिति खतरे से बाहर है।
चिकित्सकों ने बताया कि बरसात के मौसम में सांप निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। सांप के काटने की स्थिति में घबराने के बजाय पीड़ित को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाना चाहिए। चिकित्सकों ने लोगों से झाड़-फूंक के चक्कर में समय बर्बाद न करने और समय पर चिकित्सकीय उपचार कराने की अपील की।




