कृष्ण जन्माष्टमी पर संत नरसिंह आश्रम में भजन संध्या, देर रात तक झूमे श्रद्धालु

मनोहरपुर:- श्री संत नरसिंह आश्रम समिति की ओर से श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर नवदुर्गा मंदिर परिसर में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। गोरखपुर और जमशेदपुर से पहुंचे कलाकारों ने श्री गणेश वंदना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की, जो देर रात तक चला। भक्ति संगीत के बीच श्रद्धालु देर रात तक भजनों पर झूमते और नृत्य करते रहे।
भजनों पर झूमे श्रद्धालु
कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर “जय श्री कृष्ण” और “राधे-राधे” के जयकारों से गूंजता रहा। भजन गायक निहाल शर्मा, प्रीति शर्मा और चंचल जी ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। “हरे कृष्ण हरे मुरारी…” और “हारे के सहारे मेरे श्याम…” जैसे भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक भक्ति में झूमते नजर आए।
मध्यरात्रि में विधिवत हुआ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
मध्यरात्रि में राधा-कृष्ण मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव विधिवत मनाया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना और महाआरती संपन्न हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
नन्हे कलाकारों ने राधा-कृष्ण बनकर मोहा मन
कार्यक्रम के दौरान भव्य झांकी भी प्रस्तुत की गई। इसमें नन्हे-मुन्ने बच्चों ने राधा-कृष्ण की वेशभूषा में ड्रेस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। बच्चों के उत्साह को बढ़ाने के लिए समिति की ओर से उन्हें पुरस्कृत किया गया।
समिति के सदस्यों का रहा सराहनीय योगदान
जन्माष्टमी समारोह को सफल बनाने में संत नरसिंह आश्रम जन्माष्टमी समिति के अध्यक्ष, सचिव समेत सभी पदाधिकारियों और सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।




