Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हानक्राइमसरायकेला

सरायकेला में चोरी के गहनों का बड़ा खुलासा, पांच लाख के जेवर बरामद; चार गिरफ्तार

सरायकेला: खरसावां थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच आमदा ओपी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर गुलगुलिया बस्ती आमदा में छापेमारी कर पुलिस ने करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान बरामद किए। मामले में ललन मोदी उर्फ टीक्का मोदी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में सर्किल इंस्पेक्टर राजेश टुडू ने बताया कि 19 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली थी कि आमदा ओपी के कांड संख्या 36/2026 और 37/2026 में चोरी किए गए आभूषण ललन सिंह मोदी उर्फ टीक्का मोदी के घर में छिपाकर रखे गए हैं।

सूचना के सत्यापन के बाद आमदा ओपी प्रभारी रामरेखा पासवान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घर पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही कुछ लोग भागने लगे, लेकिन पीछा कर ललन मोदी को पकड़ लिया गया। घर की तलाशी के दौरान अलमारी के नीचे रखे झोले से प्लास्टिक की पोटली बरामद हुई, जिसमें बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान मिले।

पुलिस के अनुसार बरामद सामान के संबंध में आरोपी कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। बरामद सामान में चांदी की पायल, बिछिया, अंगूठी, ब्रेसलेट, कमरखोसनी, गले की चेन, लॉकेट, सिक्के, बिस्किट, पंजा, सोने के लॉकेट, झुमके, नथिया और ताबीज शामिल हैं। इसके अलावा एमआई कंपनी का एक मोबाइल फोन और टाइटन कंपनी की हाथ घड़ी भी बरामद की गई।

पूछताछ में पुलिस को चोरी के नेटवर्क से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिली। पुलिस का दावा है कि बरामद सामान सरायकेला थाना, खरसावां थाना और आमदा ओपी क्षेत्र में हुई विभिन्न चोरी की घटनाओं से संबंधित है। पुलिस अब बरामद आभूषणों के वास्तविक मालिकों की पहचान करने और अन्य घटनाओं से उनका संबंध पता लगाने में जुटी है।

इस मामले में आमदा ओपी कांड संख्या 39/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में ललन मोदी उर्फ टीक्का मोदी, अनु मोदी, रूपा मोदी और कुंती मोदी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी ललन मोदी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ मानगो तथा चक्रधरपुर थाना में चोरी से जुड़े मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने बताया कि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। कार्रवाई में आमदा ओपी प्रभारी रामरेखा पासवान समेत पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!