MMDR बिल के विरोध में झामुमो की बैठक, गांव-गांव जाकर जनता को जागरूक करने का निर्णय

जमशेदपुर: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जमशेदपुर प्रखंड कमेटी की ओर से खासमहल स्थित कुंडू भवन में केंद्र सरकार के एमएमडीआर (खान एवं खनिज विकास और विनियमन) संशोधन विधेयक-2026 के विरोध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला एवं प्रखंड कमेटी के पदाधिकारियों के साथ पंचायत स्तर के नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए!

बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष सह झामुमो नेत्री बड़ी मुर्मू, जिला परिषद उपाध्यक्ष सह झामुमो नेता पंकज सिन्हा, सागेन पूर्ति, महावीर मुर्मू समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान विधेयक के विरोध में आंदोलन की रणनीति पर चर्चा की गई।
झामुमो नेताओं ने कहा कि झारखंड जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है। राज्य के खनिज संसाधनों और आर्थिक अधिकारों की रक्षा के लिए पार्टी लगातार संघर्ष करती रही है। नेताओं ने एमएमडीआर संशोधन विधेयक को झारखंड के हितों के खिलाफ बताते हुए इसके विरोध का निर्णय लिया।
पार्टी नेताओं ने दावा किया कि विधेयक लागू होने से राज्य के खनिज कर और उपकर से जुड़े अधिकार प्रभावित हो सकते हैं। इससे राज्य के राजस्व में कमी आने की आशंका है, जिसका असर कल्याणकारी योजनाओं पर पड़ सकता है।
गांव-गांव जाकर चलाएंगे जागरूकता अभियान
जमशेदपुर प्रखंड अध्यक्ष पलटन मुर्मू ने कहा कि एमएमडीआर विधेयक के खिलाफ प्रखंड की सभी पंचायतों में अभियान चलाया जाएगा। कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर आम जनता से संवाद करेंगे और विधेयक के संभावित प्रभावों की जानकारी देंगे।
उन्होंने कहा कि खनिज राजस्व पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने से जनकल्याणकारी योजनाएं प्रभावित हो सकती हैं। ऐसे में झामुमो इस मुद्दे को जनता के बीच मजबूती से उठाएगा।
बैठक में चरणबद्ध आंदोलन चलाने और पंचायत स्तर तक संगठन को सक्रिय करने पर सहमति बनी।




