
- सुंदरीकरण कार्य की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग तेज
मनोहरपुर : मनोहरपुर प्रखंड मुख्यालय परिसर स्थित निर्माणाधीन नंदपुर पंचायत भवन के सुंदरीकरण कार्य को लेकर स्थानीय लोगों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि भवन के रंग-रोगन में घटिया सामग्री का उपयोग किया गया है, जिसके कारण पहली ही बारिश में दीवारों का रंग धूमिल पड़ने लगा है। लोगों का कहना है कि भवन को आकर्षक दिखाने के लिए केवल बाहरी रंग-रोगन पर ध्यान दिया गया, जबकि मूलभूत समस्याओं की अनदेखी की गई है। विशेष रूप से भवन के प्रवेश द्वार के पास का फर्श पहले से जर्जर अवस्था में है, लेकिन उसकी मरम्मत कराने के बजाय केवल रंग करके स्थिति को छिपाने का प्रयास किया गया है। इससे कार्य की गुणवत्ता और पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
इसे भी पढ़ें : Manoharpur : मनोहरपुर CHC में बढ़ रहे मौसमी बीमारियों के मरीज, वायरल फीवर के मामले अधिक
घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग का ग्रामीणों ने लगाया आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सरकारी वेंडर के माध्यम से कराए जा रहे इस कार्य में मानकों का पालन नहीं किया गया और केवल औपचारिकता पूरी कर सरकारी राशि खर्च की जा रही है। सबसे हैरानी की बात यह बताई जा रही है कि पंचायत के मुखिया को भी भवन सुंदरीकरण के लिए स्वीकृत राशि की स्पष्ट जानकारी नहीं है। सूत्रों के अनुसार इस कार्य के लिए लगभग 10 से 12 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, खर्च की गई राशि का लेखा-जोखा सार्वजनिक करने तथा दोषी लोगों पर कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सरकारी धन से होने वाले कार्यों में गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए।




