JSLPS कैडरों ने मानदेय बढ़ोतरी को लेकर खोला मोर्चा, 100% वृद्धि समेत 7 सूत्री मांगों पर अनिश्चितकालीन हड़ताल

राजनगर। झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) से जुड़े कैडरों ने मानदेय बढ़ोतरी सहित विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। राजनगर पंचायत भवन के समीप गोविंदपुर आजीविका महिला संकुल संगठन के बैनर तले कैडरों ने अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की और SMMU JSLPS झारखंड, DMMU JSLPS सरायकेला तथा BMMU JSLPS को मांग पत्र सौंपा।
संगठन का कहना है कि CRP-EP, लोकल CRP, JPD, ALO, AKM, APS और HH-BRP समेत विभिन्न कैडर वर्षों से ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका मिशन के कार्यों को धरातल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके बावजूद उनके मानदेय में अपेक्षित वृद्धि नहीं की जा रही है। कैडरों का आरोप है कि निर्धारित कार्यों के अलावा अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी ली जाती हैं, लेकिन उसके अनुरूप भुगतान नहीं किया जाता।
संगठन के मुताबिक वर्तमान में कुशल कैडरों को 800 रुपये प्रतिदिन और अकुशल कैडरों को 400 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से मानदेय मिलता है। कैडरों ने इसमें 100 प्रतिशत वृद्धि की मांग की है।
ये हैं 7 प्रमुख मांगें
मानदेय का हर माह नियमित रूप से बैंक खाते में भुगतान।
सभी कैडरों को यात्रा भत्ता दिया जाए।
प्रत्येक कैडर का 20 लाख रुपये का बीमा कराया जाए।
सरकारी अवकाश का लाभ दिया जाए।
हर माह 10 तारीख तक मानदेय भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
मोबाइल खर्च को भत्ते में शामिल किया जाए।
सभी कैडरों के मानदेय में 100 प्रतिशत की वृद्धि की जाए।
संगठन ने संबंधित अधिकारियों से मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। कैडरों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका मिशन की योजनाओं को लागू करने में उनकी अहम भूमिका है, इसलिए उनके मानदेय और सुविधाओं में सुधार किया जाना जरूरी है।
अब देखना होगा कि JSLPS प्रबंधन और संबंधित विभाग की ओर से सात सूत्री मांगों पर क्या निर्णय लिया जाता है और अनिश्चितकालीन हड़ताल को समाप्त कराने के लिए क्या पहल की जाती है।




