शिक्षा विभाग में कॉपी खरीद पर उठे सवाल, भाजपा ने उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में शिक्षा विभाग में कॉपी खरीद सहित विभिन्न आपूर्ति कार्यों में कथित अनियमितताओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा जाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री हेमन्त कुमार केशरी ने उपायुक्त मनीष कुमार को ज्ञापन सौंपकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि जिले के शिक्षा विभाग में पिछले कई वर्षों से विभिन्न सामग्रियों की खरीद बाजार मूल्य से अधिक दर पर की जाती रही है। विशेष रूप से कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में खरीद प्रक्रिया और निविदा संबंधी कार्यों को लेकर समय-समय पर शिकायतें सामने आती रही हैं।
हेमन्त कुमार केशरी ने कहा कि कुछ वर्ष पूर्व कस्तूरबा विद्यालयों में मुर्गा, अंडा एवं अन्य आवश्यक सामग्रियों की खरीद बाजार मूल्य से अधिक दर पर किए जाने की शिकायत हुई थी। जांच में अनियमितता की पुष्टि होने के बाद तत्कालीन जिला शिक्षा पदाधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई भी की गई थी।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि पिछले वर्ष पीएम श्री विद्यालयों में लगभग ₹2 करोड़ की सामग्री खरीद में कथित गड़बड़ी की शिकायत उपायुक्त से की गई थी। जांच में अनियमितता सामने आने की बात कही गई, लेकिन सूचना का अधिकार (RTI) के तहत जांच रिपोर्ट की प्रति मांगने के बावजूद उपलब्ध नहीं कराई गई।
भाजपा ने आरोप लगाया है कि वर्तमान में कस्तूरबा एवं अन्य आवासीय विद्यालयों में कॉपी खरीद में भी बाजार से अधिक कीमत पर आपूर्ति किए जाने की शिकायतें मिल रही हैं। पार्टी ने पूरे मामले की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
साथ ही ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि शिक्षा विभाग में वर्षों से एक ही आपूर्तिकर्ता समूह का प्रभाव बना हुआ है तथा निविदा प्रक्रिया में कथित अनियमितताएं हो रही हैं। भाजपा ने उपायुक्त से मामले में शीघ्र कार्रवाई कर पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की है।




