Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हान

मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर सर्वदलीय बैठक, 22 जुलाई को सभी मतदान केंद्रों पर होगी बीएलओ-बीएलए-2 की बैठक

चाईबासा: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के सफल, पारदर्शी और त्रुटिरहित संचालन को लेकर मंगलवार को निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) संजय कुमार की अध्यक्षता में सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई।

बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के विभिन्न चरणों की जानकारी देते हुए मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और विश्वसनीय बनाने में राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया गया। संजय कुमार ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती का आधार त्रुटिरहित मतदाता सूची है और इसे तैयार करने में बूथ स्तर पर कार्यरत बीएलओ तथा बीएलए-2 की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने बताया कि 22 जुलाई को पूर्वाह्न 11 बजे से जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ, बीएलए-2 एवं चुनाव पाठशाला की तृतीय बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रगति की समीक्षा, मतदाता सत्यापन, नए मतदाताओं का पंजीकरण, आवश्यक प्रपत्रों का निष्पादन, दावे एवं आपत्तियों की प्रक्रिया तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दिया जाएगा। सभी राजनीतिक दलों से अपने-अपने बीएलए-2 की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया।

बैठक के दौरान कांग्रेस के प्रतिनिधि त्रिशानु राय ने सुझाव दिया कि 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के लिए विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विशेष मतदाता जागरूकता एवं पंजीकरण अभियान चलाया जाए, ताकि अधिक से अधिक नए मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकें। उन्होंने बूथ स्तर पर जागरूकता अभियान, बीएलओ और बीएलए-2 के बीच बेहतर समन्वय तथा प्रपत्र-6 के त्वरित निष्पादन पर भी जोर दिया।

संजय कुमार ने सभी राजनीतिक दलों से निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को जनभागीदारी का अभियान बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन और राजनीतिक दलों के संयुक्त प्रयास से ही शुद्ध, पारदर्शी, समावेशी और विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार की जा सकती है।

बैठक के अंत में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए निर्वाचन प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

बैठक में कांग्रेस के त्रिशानु राय, भाजपा के प्रताप कटियार एवं रवि शंकर विश्वकर्मा, बसपा के जेम्स हेम्ब्रम, झामुमो के कैसर परवेज तथा आजसू के अजय महतो सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!