डिपर लाइट की चकाचौंध बनी हादसे की वजह, बाइक सवार सचिन निषाद की मौत

चाईबासा-तांतनगर मुख्य मार्ग पर मरंग गोड़ा गांव के समीप सोमवार देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार 39 वर्षीय सचिन निषाद की मौत हो गई। मृतक तांतनगर प्रखंड के कोकचो गांव के निवासी थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सामने से आ रहे एक अज्ञात चारपहिया वाहन की डिपर लाइट की तेज रोशनी से उनकी आंखें चौंधिया गईं, जिससे उनकी बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

मंगलवार को सदर अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के बड़े भाई मिंटू निषाद ने बताया कि सचिन निषाद सोमवार रात करीब 10 बजे चाईबासा से अपने गांव कोकचो लौट रहे थे। इसी दौरान मरंग गोड़ा गांव के पास तेज बारिश हो रही थी। आरोप है कि सामने से तेज गति से आ रहे एक अज्ञात चारपहिया वाहन की डिपर लाइट की तेज रोशनी के कारण वह कुछ क्षण के लिए वाहन पर नियंत्रण खो बैठे और सड़क पर गिर गए।
हादसे के बाद सचिन निषाद गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़े रहे। स्थानीय ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल सदर अस्पताल, चाईबासा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके सिर में गंभीर चोट लगी थी।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया।
परिजनों के अनुसार, सचिन निषाद झींकपानी क्षेत्र में मछली बेचने का व्यवसाय करते थे। उनके परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस अज्ञात चारपहिया वाहन की पहचान करने और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच में जुटी हुई है।




