Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हान

मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026: उपायुक्त मनीष कुमार ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

चाईबासा: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अभियान के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार ने बुधवार को 52-चाईबासा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदाता सूची के अद्यतन, गणना प्रपत्रों के संकलन एवं सत्यापन, पात्र मतदाताओं के नामांकन तथा बूथ स्तर पर संचालित गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं बूथ लेवल ऑफिसरों (बीएलओ) को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन एवं पारदर्शी बनाना है। उन्होंने प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करने तथा अपात्र व्यक्तियों के नाम हटाने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने निर्देश दिया कि एक ही परिवार के सभी पात्र मतदाताओं का नाम यथासंभव एक ही मतदान केंद्र की मतदाता सूची में दर्ज हो। साथ ही गणना प्रपत्रों के सत्यापन, एएसडीडी (ASDD) सूची के डिजिटाइजेशन तथा विदेशी नागरिकों से संबंधित प्राप्त सूचनाओं एवं दस्तावेजों का नियमानुसार परीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बीएलओ-बीएलए-2 की तृतीय बैठक एवं चुनाव पाठशाला का भी अवलोकन किया। उन्होंने सभी बीएलओ, बीएलए-2 एवं संबंधित अधिकारियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!