Manoharpur : मनोहरपुर में करंट लगने से बैल की मौत, ग्रामीणों ने मुआवजा व सुरक्षा उपायों की उठाई मांग

मनोहरपुर : मनोहरपुर प्रखंड के पूर्वी पंचायत अंतर्गत मनीपुर गांव में गुरुवार शाम करंट लगने से एक बैल की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने पीड़ित पशुपालक को उचित मुआवजा देने तथा बिजली सुरक्षा को लेकर प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनीपुर निवासी सुगड़ जोजो का बैल गांव के मंदिर के समीप स्थित ट्रांसफार्मर के पास घास चर रहा था। इसी दौरान बारिश के कारण ट्रांसफार्मर के अर्थिंग तार में करंट प्रवाहित हो रहा था। बैल के तार के संपर्क में आते ही उसे जोरदार करंट लगा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मामले की जांच कर पीड़ित पशुपालक को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही उन्होंने बारिश के मौसम में ट्रांसफार्मर और अर्थिंग तारों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा लोगों को विद्युत दुर्घटनाओं से बचाव के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
इसे भी पढें : Chaibasa : मलेरिया और डायरिया से बचाव के लिए जागरूकता रथ रवाना, उपायुक्त ने दिखाई हरी झंडी




