Jamshedpur : पश्चिम हालुदबनी में मुखिया फंड से घटिया ROAD निर्माण का आरोप, ग्रामीणों ने जांच की उठाई मांग

जमशेदपुर : जमशेदपुर प्रखंड अंतर्गत पश्चिम हालुदबनी पंचायत में मुखिया फंड से कराए जा रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि 15वें वित्त आयोग की राशि से करीब 1 लाख 77 हजार 840 रुपये की लागत से आसित दा के घर से तंबू के घर तक बनाए गए पेवर्स ब्लॉक सड़क का निर्माण घटिया स्तर पर किया गया है। उनका दावा है कि निर्माण के लगभग एक महीने बाद ही सड़क उखड़ने लगी, जबकि कई स्थानों पर पेवर्स ब्लॉक टूटने लगे हैं।
स्था
नीय लोगों के अनुसार, निर्माण कार्य में निम्न गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग किया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार, लाभुक समिति और संबंधित इंजीनियर की मिलीभगत से मानकों की अनदेखी कर कार्य कराया गया, जिससे सरकारी राशि का दुरुपयोग हुआ है।
ग्रामीणों ने पंचायत की मुखिया एवं जमशेदपुर प्रखंड प्रशासन पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि शिकायतों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उनका आरोप है कि पंचायत क्षेत्र में मुखिया फंड से कराए जा रहे कई विकास कार्यों में गुणवत्ता का अभाव है और निगरानी की कमी के कारण लगातार अनियमितताएं सामने आ रही हैं।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि इसी पंचायत में नाली मरम्मत कार्य में भी घटिया निर्माण किया जा रहा है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। उनका कहना है कि विकास कार्यों के नाम पर सरकारी राशि की लूट मची हुई है और इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने पश्चिम हालुदबनी पंचायत में मुखिया फंड से कराए गए सभी विकास कार्यों की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वाले संबंधित अधिकारियों, इंजीनियरों और अन्य जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।




