Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हानलोकल न्यूज़

Chandil : मोहर्रम को शांतिपूर्ण माहौल में मनाने को लेकर चांडिल में शांति समिति की बैठक

एसडीओ नितिन शिवम गुप्ता ने सौहार्द बनाए रखने और अफवाहों से सतर्क रहने की अपील की

चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल मुख्यालय में मंगलवार को मोहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) नितिन शिवम गुप्ता ने की। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न समुदायों के लोगों ने भाग लिया। इस दौरान एसडीओ ने कहा कि भारत की पहचान विविधता में एकता और आपसी भाईचारे की परंपरा से है। मोहर्रम पर्व भी इसी परंपरा के अनुरूप शांति, सद्भाव और आपसी सहयोग के वातावरण में मनाया जाना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी असामाजिक तत्व या अफवाह फैलाने वाले व्यक्ति को संरक्षण न दें तथा ऐसी गतिविधियों की जानकारी तत्काल प्रशासन को उपलब्ध कराएं।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जमशेदपुर में 30 जून को राष्ट्रीय स्तर का ब्यूटी सेमिनार, विशेषज्ञ देंगे आधुनिक सौंदर्य तकनीकों का प्रशिक्षण

शांति व्यवस्था बनाए रखने में जनसहभागिता पर दिया जोर

बैठक को संबोधित करते हुए एसडीओ नितिन शिवम गुप्ता ने कहा कि समाज में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का भी कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि सभी वर्गों और समुदायों के सहयोग से ही क्षेत्र में सौहार्दपूर्ण वातावरण कायम रखा जा सकता है। बैठक में मौजूद लोगों ने भी मोहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की प्रतिबद्धता जताई। प्रशासनिक अधिकारियों ने पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, जुलूस मार्ग, भीड़ नियंत्रण और आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की तथा लोगों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

इसे भी पढ़ें : Manoharpur : खेत की जुताई के दौरान मिला बमनुमा विस्फोटक पदार्थ, इलाके में मचा हड़कंप

बैठक में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों पर भी हुई चर्चा

शांति समिति की बैठक के दौरान सड़क सुरक्षा और बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। इस पर एसडीओ ने कहा कि यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना प्रशासन के लिए एक महत्वपूर्ण चुनौती है, लेकिन जनसहयोग से इस दिशा में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने लोगों से वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा यातायात नियमों की अनदेखी नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लापरवाही न केवल स्वयं के लिए बल्कि अन्य लोगों के लिए भी खतरा पैदा करती है। बैठक में एसडीपीओ शिव प्रकाश कुमार, नीमडीह अंचलाधिकारी, ईचागढ़ बीडीओ, चांडिल थाना प्रभारी, नीमडीह थाना प्रभारी, कपाली ओपी प्रभारी, समाजसेवी हकीम चंद्र महतो, पंचायत समिति सदस्य रजिया सुल्ताना, शेख फरीद, मनमन सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!