चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन से तीन चोरी के मोबाइल के साथ आरोपी गिरफ्तार

चक्रधरपुर। रेलवे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन से एक कथित मोबाइल चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से चोरी के तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद निसार (42 वर्ष), निवासी चाईबासा के रूप में हुई है। मंडल सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ चक्रधरपुर मंडल और रेल पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर के मार्गदर्शन में आरपीएफ टीम टाटा तथा जीआरपी चक्रधरपुर की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने ट्रेन संख्या 18189 टाटा-एर्नाकुलम एक्सप्रेस की जनरल बोगी में यात्रियों के मोबाइल चोरी किए थे। पूछताछ के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के लिए स्कूटी से चाईबासा से चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पहुंचता था और ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाता था।
कार्रवाई के दौरान आरोपी के पास से बरामद तीनों मोबाइल फोन को जब्त कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद मोहम्मद निसार को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना चक्रधरपुर के सुपुर्द कर दिया गया।
पूरी कार्रवाई आरपीएफ एएसआई बलबीर प्रसाद के नेतृत्व में की गई। आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई से रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल व सामान की चोरी करने वाले आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को मजबूती मिली है।




