Jadugoda : जन्माष्टमी पर छोटा गोविंदपुर में सजेगा केदारनाथ धाम का भव्य स्वरूप, 4 सितंबर को होगा उद्घाटन
किशोर क्लब की अनूठी पहल, केदारनाथ मंदिर की प्रतिकृति बनेगी आकर्षण का केंद्र

- विधायक मंगल कालिंदी करेंगे पूजा पंडाल का उद्घाटन
जादूगोड़ा : श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर छोटा गोविंदपुर के सुभाष नगर स्थित किशोर क्लब द्वारा इस वर्ष भव्य जन्माष्टमी पूजा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस बार पूजा पंडाल को उत्तराखंड के प्रसिद्ध केदारनाथ धाम मंदिर की भव्य प्रतिकृति के रूप में तैयार किया जा रहा है, जो श्रद्धालुओं और दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगा। क्लब के सदस्यों के अनुसार पंडाल निर्माण में केदारनाथ मंदिर की वास्तुकला और आध्यात्मिक वातावरण को सजीव रूप देने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को केदारनाथ धाम जैसा दिव्य अनुभव प्राप्त हो सके।
इसे भी पढ़ें : Manoharpur : मनोहरपुर-रांची मुख्य मार्ग पर विशाल आम का पेड़ गिरा, घंटों बाधित रहा आवागमन
विशेष विद्युत सज्जा और सांस्कृतिक एकता का संदेश देगा आयोजन
किशोर क्लब द्वारा पंडाल को आकर्षक विद्युत सज्जा और मनमोहक कलात्मक डिजाइन से सजाया जा रहा है। आगामी 4 सितंबर को जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी के हाथों पूजा पंडाल का भव्य उद्घाटन किया जाएगा। क्लब के पदाधिकारी अजय कुमार ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य केवल धार्मिक उत्सव मनाना नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक एकता और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देना भी है। उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है और आयोजन को यादगार बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।




