मनोहरपुर में टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस के ठहराव को रेलवे बोर्ड की मंजूरी, सांसद जोबा माझी का प्रयास सफल

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम के मनोहरपुर क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। सिंहभूम की सांसद जोबा माझी के प्रयास से टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस (18189/18190) का मनोहरपुर स्टेशन पर ठहराव स्वीकृत हो गया है। रेलवे बोर्ड ने 27 अगस्त 2026 को जारी आदेश में ट्रेन के ठहराव को प्रायोगिक आधार पर शुरू करने की अनुमति दी है।

रेलवे बोर्ड के संयुक्त निदेशक (कोचिंग) राजेश कुमार की ओर से जारी आदेश में संबंधित रेलवे जोन को सुविधाजनक तिथि से ट्रेन का ठहराव शुरू करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही टिकट बिक्री केंद्रों पर इसकी जानकारी प्रदर्शित करने और यात्रियों को इसकी सूचना देने को कहा गया है।
सांसद जोबा माझी ने 22 जनवरी 2026 को रांची में आयोजित सांसदों की मंडलीय समिति की बैठक में क्षेत्र की रेल समस्याओं और यात्रियों की सुविधाओं का मुद्दा उठाया था। इस दौरान उन्होंने रेल जीएम और डीआरएम के समक्ष टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस का मनोहरपुर स्टेशन पर ठहराव देने की मांग रखी थी।
उन्होंने बताया था कि मनोहरपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग रोजगार, शिक्षा, इलाज और अन्य कार्यों के लिए दक्षिण भारत सहित देश के विभिन्न राज्यों की यात्रा करते हैं। ऐसे में इस महत्वपूर्ण ट्रेन का मनोहरपुर में ठहराव यात्रियों के लिए काफी उपयोगी साबित होगा।
ट्रेन के ठहराव से मनोहरपुर, आनंदपुर, गोइलकेरा, सोनुवा और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को लाभ मिलने की उम्मीद है। खासकर दक्षिण भारत जाने वाले विद्यार्थियों, श्रमिकों, मरीजों, व्यापारियों और उनके परिजनों को अब ट्रेन पकड़ने के लिए दूर के स्टेशनों तक जाने की परेशानी कम होगी।
रेलवे बोर्ड की मंजूरी के बाद क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने पर सांसद जोबा माझी के प्रयास की सराहना की है। अब ट्रेन का परिचालन ठहराव किस तिथि से शुरू होगा, इसकी जानकारी संबंधित रेलवे जोन की ओर से जारी की जाएगी।




