Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हान

*गुदड़ी के पिंडिंग से गिरू तक 19 किमी सड़क निर्माण को कैबिनेट की मंजूरी* 

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुदड़ी प्रखंड के सुदूरवर्ती एवं जंगल क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए अच्छी खबर है। पिंडिंग से गिरू तक करीब 19 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण अब पथ निर्माण विभाग के माध्यम से कराया जाएगा। राज्य सरकार की कैबिनेट बैठक में सड़क निर्माण परियोजना को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। परियोजना पर करीब 114 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पिंडिंग से गिरू तक गंजना, सकोड़ा और बड़ाकेसल होते हुए कुल 19.149 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया जाएगा। कैबिनेट ने इस परियोजना के लिए 114,01,36,100 रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी है। योजना के तहत वर्तमान सड़क का मजबूतीकरण एवं चौड़ीकरण किया जाएगा। इसके अलावा आवश्यक स्थानों पर पुल निर्माण समेत अन्य जरूरी कार्य भी कराए जाएंगे।

आरईओ से पथ निर्माण विभाग को हस्तांतरित हुई सड़क

बताया गया कि यह सड़क पहले ग्रामीण कार्य विभाग (आरईओ) के अधीन थी। क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और आवागमन की जरूरतों को देखते हुए सांसद जोबा माझी और मनोहरपुर विधायक जगत माझी के प्रयास से सड़क को ग्रामीण कार्य विभाग से पथ निर्माण विभाग को हस्तांतरित कराया गया। इसके बाद सड़क के बेहतर निर्माण और मजबूतीकरण के लिए योजना तैयार की गई और अब राज्य कैबिनेट से इसकी प्रशासनिक स्वीकृति भी मिल गई है।

गुदड़ी प्रखंड का यह क्षेत्र घने जंगलों और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों से घिरा हुआ है। कई गांवों तक बेहतर सड़क संपर्क नहीं होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। बरसात के दौरान स्थिति और भी चुनौतीपूर्ण हो जाती है। सड़क का निर्माण पूरा होने के बाद ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और रोजगार से जुड़े कार्यों के लिए आने-जाने में सहूलियत होगी।

पुल, भू-अर्जन और अन्य कार्य भी होंगे

परियोजना में सड़क निर्माण के साथ मजबूतीकरण एवं चौड़ीकरण, पुल निर्माण, भू-अर्जन, यूटिलिटी शिफ्टिंग, पेड़ों की कटाई तथा एवेन्यू एवं वृक्षारोपण जैसे कार्य भी शामिल किए गए हैं। इससे सड़क को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप मजबूत और सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी।

कैबिनेट से स्वीकृति मिलने के बाद गुदड़ी प्रखंड के ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। लंबे समय से क्षेत्र के लोग बेहतर सड़क संपर्क की मांग करते रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पिंडिंग से गिरू तक सड़क बनने से गुदड़ी के सुदूरवर्ती गांव मुख्य मार्ग से बेहतर तरीके से जुड़ सकेंगे और क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।

स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण की स्वीकृति दिलाने के लिए सांसद जोबा माझी और विधायक जगत माझी के प्रयासों की सराहना की। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा और समय पर पूरा किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!