
- कई आवेदनों में मिली कमियां, मौके पर ही समाधान का प्रयास
- ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर समाधान के लिए दिए आवश्यक निर्देश
- BLO, वार्ड सदस्यों और जनप्रतिनिधियों ने किया सहयोग
गुवा : सारंडा क्षेत्र के करमपदा स्कूल परिसर में 24 अगस्त को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत आयोजित जनसुनवाई में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। करमपदा सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग और युवा सुबह से ही आवश्यक दस्तावेजों के साथ स्कूल परिसर पहुंचे। नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाता अपने नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित कराने और दस्तावेजों की जांच करवाने के लिए पूरे दिन परिसर में डटे रहे। जनसुनवाई के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित कर्मी लगातार लोगों का मार्गदर्शन करते रहे।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा में चार दिवसीय कृषि जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ, किसानों को मिली आधुनिक खेती की जानकारी
दस्तावेजों की त्रुटियां दूर कराने में जुटे रहे अधिकारी और कर्मी
दस्तावेजों की जांच के दौरान कई लोगों के कागजात में छोटी-बड़ी त्रुटियां सामने आईं। अधिकारियों और कर्मियों ने इन त्रुटियों को दूर कराने के लिए मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कई मामलों का तत्काल समाधान भी किया। ग्रामीणों ने भी पूरी गंभीरता के साथ प्रक्रिया में भाग लिया और अपने मताधिकार को सुरक्षित रखने के प्रति जागरूकता दिखाई। जनसुनवाई में उपस्थित लोगों ने प्रशासन द्वारा की जा रही पहल की सराहना की और आवश्यक दस्तावेजों को समय पर उपलब्ध कराने का भरोसा जताया।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : मतदाता सूची में गांव का नाम गलत दर्ज होने पर ग्रामीणों का विरोध, सीओ को सौंपा ज्ञापन
रात तक स्कूल परिसर में मौजूद रहे बीडीओ पप्पू रजक
जनसुनवाई की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्रखंड विकास पदाधिकारी पप्पू रजक सुबह से लेकर रात करीब 9 बजे तक करमपदा स्कूल परिसर में मौजूद रहे। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और संबंधित कर्मियों के साथ समन्वय स्थापित कर दस्तावेजों से जुड़ी परेशानियों को दूर करने का प्रयास किया। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे SIR प्रक्रिया को गंभीरता से लें तथा आवश्यक दस्तावेज निर्धारित समय पर जमा करें, ताकि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची से वंचित न रहे।
इसे भी पढ़ें : Chaibasa : स्वर्णिम पंच से चमके टाटा डीएवी नोवामुंडी के खिलाड़ी, राहुल और भरत का डीएवी नेशनल के लिए चयन
पारंपरिक स्वागत के साथ शुरू हुई जनसुनवाई, जनप्रतिनिधियों ने भी निभाई सक्रिय भूमिका
कार्यक्रम की शुरुआत ग्रामीणों द्वारा पारंपरिक रीति-रिवाज से अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। बीडीओ पप्पू रजक, मुखिया और अन्य अतिथियों का पारंपरिक सम्मान किया गया। जनसुनवाई में BLO सुमती देवी और कुन्ती लागूरी ने ग्रामीणों की प्रक्रिया पूरी कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं वार्ड सदस्य सावित्री कोड़ा, देवधारी कुमार, मुखिया लिपि मुंडा, मुखिया पार्वती कीड़ो, सोनू सिरका सहित कई जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और करमपदा स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। देर शाम तक चली इस जनसुनवाई से ग्रामीणों का प्रशासन पर भरोसा और मजबूत हुआ।




