Jamshedpur

सिद्धू-कान्हू मोड़ चौक पर गूंजा ‘जय झारखंड’, एकजुटता के साथ मनाया गया विश्व आदिवासी दिवस

जादूगोड़ा। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को जादूगोड़ा स्थित सिद्धू-कान्हू मोड़ चौक पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन कर आदिवासी दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में माननीय देश परगना बैजू मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके अलावा आसपास के विभिन्न गांवों के ग्राम प्रधान और बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपरा, सामाजिक व्यवस्था और सामुदायिक मूल्यों को मजबूत करने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही समाज के आर्थिक, शैक्षणिक, बौद्धिक और राजनीतिक विकास के विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा हुई।

देश परगना बैजू मुर्मू ने कहा कि आदिवासी समाज की पहचान उसकी समृद्ध संस्कृति, परंपरा और सामाजिक मूल्यों से जुड़ी हुई है। इन परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए समाज के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा और जागरूकता को प्राथमिकता देना जरूरी है।

उन्होंने समाज के लोगों से आपसी एकजुटता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ी को अपनी भाषा, संस्कृति, परंपरा और संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने शिक्षा के माध्यम से समाज को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम में मौजूद ग्राम प्रधानों और आदिवासी समाज के लोगों ने समाज के हितों एवं अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से “जय झारखंड” का नारा लगाया। इस दौरान आदिवासी एकता, संस्कृति और झारखंड की पहचान के प्रति लोगों की प्रतिबद्धता साफ दिखाई दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!