Jamshedpur : ऑल इंडिया ओपन कराटे चैंपियनशिप में हिस्सा लेने कोलकाता जाएगा जमशेदपुर का 30 सदस्यीय दल
12 लड़कियां और 18 लड़के करेंगे प्रतिनिधित्व, प्रतियोगिता 5 और 6 सितंबर को आयोजित

- पदक जीतने के लक्ष्य के साथ कोलकाता रवाना होंगे खिलाड़ी
जमशेदपुर : सनशाइन मार्शल आर्ट अकादमी के तत्वावधान में 30 सदस्यीय कराटे दल द्वितीय ऑल इंडिया ओपन कराटे चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए कोलकाता जाएगा। 5 और 6 सितंबर को आयोजित होने वाली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जमशेदपुर के 12 लड़कियां और 18 लड़के अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। अकादमी के प्रशिक्षक गणेश सिंह, अमित सोनकर और महिला प्रशिक्षक लीना सिंह ने बताया कि सभी खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के लिए कड़ी मेहनत की है और वे पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि खिलाड़ी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अधिक से अधिक पदक जीतकर शहर का नाम रोशन करेंगे।
इसे भी पढ़ें : Gua : कारो नदी पुल की एप्रोच सड़क कटने से बढ़ा खतरा, टोंटोगड़ा में सड़क पर उभरीं बड़ी दरारें
विधायक सरयू राय ने खिलाड़ियों को दिया ‘विजयी भव’ का आशीर्वाद
प्रतियोगिता में भाग लेने से पहले गुरुवार को कराटे दल के खिलाड़ियों ने जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान सरयू राय ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया और ‘विजयी भव’ का आशीर्वाद दिया। खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने भी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन का भरोसा जताया। अकादमी के पदाधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में भागीदारी से खिलाड़ियों को अनुभव मिलेगा और भविष्य में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए भी उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा।




