सीआरपीएफ कैंप सासपुर में खुला प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र, अब 80% तक सस्ती कीमत पर मिलेंगी गुणवत्तापूर्ण दवाइयां

जादूगोड़ा: पूर्वी सिंहभूम जिले के जादूगोड़ा स्थित सीआरपीएफ कैंप सासपुर में प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना के तहत जन औषधि केंद्र का शुभारंभ किया गया। केंद्र का उद्घाटन सीआरपीएफ के उप महानिरीक्षक रमेश कुमार ने फीता काटकर किया। इस जन औषधि केंद्र का संचालन जमशेदपुर निवासी राजा चटर्जी करेंगे।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उप महानिरीक्षक रमेश कुमार ने कहा कि इस केंद्र के माध्यम से लोगों को ब्रांडेड दवाइयों की तुलना में लगभग 80 प्रतिशत तक कम कीमत पर गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाइयां उपलब्ध होंगी। उन्होंने बताया कि दवाइयां सीधे दवा कंपनियों से जन औषधि केंद्र तक पहुंचने के कारण उनकी कीमत काफी कम रहती है, जबकि उनकी गुणवत्ता और प्रभावशीलता महंगी दवाइयों के समान होती है।
उन्होंने बताया कि इस केंद्र में फार्मास्यूटिकल्स एंड मेडिकल डिवाइसेज ब्यूरो ऑफ इंडिया (PMBI) द्वारा प्रमाणित मानक गुणवत्ता की विभिन्न प्रकार की दवाइयां उपलब्ध रहेंगी। इससे सीआरपीएफ के जवानों, उनके परिजनों तथा आसपास के ग्रामीणों को सस्ती और भरोसेमंद दवाइयों का लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर उप महानिरीक्षक (चिकित्सा) डॉ. उर्मिला गारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एसजी) डॉ. मीना नवीन कुमार, उप कमांडेंट नीरज कुमार, पवन कुमार, सहायक कमांडेंट मकसूद आलम सहित सीआरपीएफ के कई अधिकारी, चिकित्सक एवं जवान उपस्थित रहे।




