सिनी रेल प्रशिक्षण संस्थान में आपदा प्रबंधन पर विशेष प्रशिक्षण, 340 रेलकर्मियों ने लिया हिस्सा

जमशेदपुर: जोनल प्रशिक्षण संस्थान, सीनी में बुधवार को रेल सिविल डिफेंस की ओर से भूकंप, वज्रपात और अन्य आपदाओं से बचाव एवं राहत कार्यों पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में ईस्ट कोस्ट रेलवे, दक्षिण पूर्व रेलवे और दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के विभिन्न मंडलों के कुल 340 रेलकर्मियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में टाटानगर रेल सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर एवं राष्ट्रपति सम्मानित सदस्य संतोष कुमार ने अतिथि व्याख्याता के रूप में आपदा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना सभा से हुई। इस अवसर पर संस्थान के प्राचार्य, उप प्राचार्य, मुख्य अनुदेशक एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
संतोष कुमार ने कहा कि प्राकृतिक और मानव निर्मित आपदाएं विकास में बड़ी बाधा बनती हैं। ऐसे समय में सही जानकारी, सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से जान-माल के नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
प्रशिक्षण के दौरान भूकंप के समय अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपाय, वज्रपात से बचाव, गोल्डन आवर में राहत कार्य, एंबुलेंस सेवा, ट्रायेज, प्राथमिक उपचार, फर्स्ट एड, सीपीआर, सांप एवं कुत्ते के काटने पर प्राथमिक उपचार तथा अग्निशमन के तरीकों की जानकारी पावर प्वाइंट प्रस्तुति के माध्यम से दी गई।
सभागार में अधिक प्रतिभागियों की उपस्थिति के कारण प्रशिक्षण दो सत्रों में आयोजित किया गया। डेमोंस्ट्रेटर अनिल कुमार सिंह ने भूकंप के दौरान कार्यालय में बचाव का मॉक ड्रिल कराया तथा फायर एक्सटिंग्विशर के PASS Rule का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया।
प्रशिक्षण में भारतीय रेल के तीनों जोन के रिफ्रेशर स्टेशन मैनेजर, रिफ्रेशर ट्रेन मैनेजर, प्रो स्टेशन मैनेजर और प्रो पैसेंजर ट्रेन मैनेजर सहित बड़ी संख्या में रेलकर्मी शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अनुदेशक ने धन्यवाद ज्ञापन किया। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी एवं व्यवहारिक बताते हुए इसकी सराहना की।




