सदर अस्पताल में 10 मोतियाबिंद मरीजों का सफल ऑपरेशन, अंधापन नियंत्रण कार्यक्रम के तहत मिला लाभ

चाईबासा: अंधापन नियंत्रण कार्यक्रम के तहत सदर प्रखंड स्थित नेत्र चिकित्सालय, सदर अस्पताल चाईबासा में मंगलवार को 10 मोतियाबिंद मरीजों का सफल ऑपरेशन किया गया। सभी ऑपरेशन नेत्र सर्जन डॉ. सेलिन सोसन टोपनो के नेतृत्व में संपन्न हुए।

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार जांच के बाद चयनित मरीजों का निर्धारित प्रक्रिया के तहत सफल ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के बाद सभी मरीजों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं तथा नियमित जांच और सावधानी बरतने की सलाह दी गई।
नेत्र पदाधिकारी डॉ. मनोज सिंह मुंडा ने बताया कि अंधापन नियंत्रण कार्यक्रम का उद्देश्य मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों को समय पर उपचार देकर उनकी दृष्टि सुरक्षित रखना है। उन्होंने लोगों से आंखों की रोशनी कम होने या मोतियाबिंद के लक्षण दिखने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र या सदर अस्पताल में जांच कराने की अपील की।
ऑपरेशन को सफल बनाने में नेत्र सहायक रमण कुमार सिंह, कविता महतो, परिचारिका ज्योति हेरेंज, ड्रेसर अरविंद परमहंस कुजूर, स्वास्थ्यकर्मी संजना देवी एवं प्रशिक्षु एएनएम छात्राओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि आगे भी नियमित रूप से मोतियाबिंद जांच एवं ऑपरेशन शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद मरीजों को इसका लाभ मिल सके।




