Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हान

गोइलकेरा के महादेवशाल धाम में श्रावणी मेले का भव्य शुभारंभ, सांसद जोबा माझी और विधायक जगत माझी ने किया उद्घाटन

गोइलकेरा: पश्चिमी सिंहभूम के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल महादेवशाल धाम में रविवार को श्रावणी मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। सिंहभूम सांसद जोबा माझी एवं मनोहरपुर विधायक जगत माझी ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। इसके बाद दोनों जनप्रतिनिधियों ने बाबा भोलेनाथ के दरबार में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

श्रावणी मेले के उद्घाटन के साथ ही महादेवशाल धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने लगी। महादेवशाल सेवा समिति और प्रशासन ने आगामी सोमवारी को संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। बीडीओ विवेक कुमार और थाना प्रभारी विक्रांत मुंडा ने समिति के पदाधिकारियों के साथ मंदिर एवं मेला परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

उद्घाटन से पूर्व सांसद और विधायक ने मंदिर परिसर में पीसीसी पथ, पेवर्स ब्लॉक, भंडारा कक्ष निर्माण तथा शौचालय मरम्मत कार्य का भी लोकार्पण किया। कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य ज्योति मेराल, सेवा समिति के सचिव रामचंद्र प्रसाद, अध्यक्ष सह बीडीओ विवेक कुमार सहित कई गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

महादेवशाल धाम की अनूठी मान्यता

गोइलकेरा प्रखंड की पहाड़ियों के बीच स्थित महादेवशाल धाम अपनी ऐतिहासिक और धार्मिक मान्यता के लिए प्रसिद्ध है। यहां वर्षों से खंडित शिवलिंग की पूजा होती है। मान्यता है कि अंग्रेजों के शासनकाल में बंगाल नागपुर रेल लाइन और सुरंग निर्माण के दौरान शिवलिंग मिलने पर एक ब्रिटिश इंजीनियर ने उसे हटाने का प्रयास किया, जिससे शिवलिंग खंडित हो गया और उसी दौरान उसकी मृत्यु हो गई। इसके बाद सुरंग का मार्ग बदल दिया गया तथा वहां मंदिर का निर्माण कर पूजा-अर्चना शुरू की गई।

सावन महीने में यहां झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों से हजारों श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सावन के दौरान कई एक्सप्रेस ट्रेनों का महादेवशाल स्टेशन पर विशेष ठहराव भी किया जाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!