जमशेदपुर एफसी को बंद करने के फैसले पर पुनर्विचार करे टाटा स्टील, खेल विरासत बचाने की अपील : दिनेश कुमार

जमशेदपुर: भाजपा पूर्वी सिंहभूम के जिला प्रभारी एवं पूर्व जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार ने जमशेदपुर फुटबॉल क्लब (जेएफसी) को बंद किए जाने की खबर पर गहरी चिंता जताते हुए टाटा स्टील से इस निर्णय पर पुनर्विचार करने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि जेएफसी केवल एक फुटबॉल क्लब नहीं, बल्कि जमशेदपुर की खेल संस्कृति, युवाओं की आकांक्षाओं और शहर की पहचान का प्रतीक है। क्लब ने अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मंच दिया है और फुटबॉल के प्रति युवाओं में नई ऊर्जा का संचार किया है।
दिनेश कुमार ने कहा कि टाटा स्टील ने उद्योग के साथ-साथ खेलों के विकास में भी देशभर में अपनी अलग पहचान बनाई है। ऐसे में क्लब को बंद करने का निर्णय खेल प्रेमियों और युवाओं की भावनाओं को आहत करने वाला है।
उन्होंने कहा कि यदि क्लब के संचालन में किसी प्रकार की प्रशासनिक या व्यावहारिक कठिनाई है, तो उसका समाधान संवाद और सकारात्मक पहल के माध्यम से निकाला जाना चाहिए, न कि क्लब को बंद कर दिया जाए।
उन्होंने टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक से आग्रह किया कि जमशेदपुर की खेल विरासत, खिलाड़ियों के भविष्य और लाखों फुटबॉल प्रेमियों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए इस निर्णय पर पुनर्विचार कर सकारात्मक समाधान निकाला जाए। उन्होंने विश्वास जताया कि टाटा स्टील खेल और शहर के हित में संवेदनशील निर्णय लेगी।




