रोटरी क्लब ने उत्कृष्ट रक्तदाताओं को किया सम्मानित, अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान की अपील

चाईबासा: रोटरी क्लब चाईबासा ने मानव सेवा और स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्कृष्ट रक्तदाताओं को सम्मानित किया। प्रत्येक माह की पहली तारीख को आयोजित होने वाले रक्तदान शिविर के तहत रोटरी सत्र 2025-26 में दो या उससे अधिक बार रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न प्रदान किए गए।

रोटरी क्लब के अध्यक्ष अमित पोद्दार ने कहा कि नियमित रक्तदाता समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि समय पर उपलब्ध रक्त कई लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
सम्मानित रक्तदाताओं में प्रमोद सुरिन और रितेश मुंधड़ा ने चार-चार बार रक्तदान किया। वहीं राहुल विश्वकर्मा, सुवेन्दु नायक, अमन प्रकाश गुप्ता, महेश पांड्या और भारत मुंधड़ा ने तीन-तीन बार रक्तदान कर मानव सेवा में योगदान दिया।
इसके अलावा सुमित अग्रवाल, जगन्नाथ पॉल, विनय दौदराजका, इंदेजीत सिंह, मेहुल दत्तानी, सोनू तिवारी और मनीष गोयल को दो-दो बार रक्तदान करने के लिए सम्मानित किया गया।
रोटरी क्लब ने सभी सम्मानित रक्तदाताओं के सेवा भाव की सराहना करते हुए भविष्य में भी नियमित रक्तदान शिविर आयोजित कर लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करने का संकल्प दोहराया।




