*जिला स्तरीय युवा उत्सव में 250 से अधिक प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभा*

चाईबासा: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देश पर शनिवार को चाईबासा स्थित महिला कॉलेज में जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 का आयोजन किया गया। खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय झारखंड, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) और जिला प्रशासन पश्चिमी सिंहभूम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों से 250 से अधिक छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। इस वर्ष युवा उत्सव की थीम “नशा मुक्त युवा, विकसित भारत” रखी गई थी।
कार्यक्रम का शुभारंभ उप विकास आयुक्त सहित अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। मौके पर जिला खेल पदाधिकारी मारकस हेम्ब्रम, महिला कॉलेज की प्राचार्या, राष्ट्रीय सेवा योजना के पदाधिकारी, विभिन्न कॉलेजों के प्राचार्य, शिक्षक और जिला खेल कार्यालय के कर्मी उपस्थित थे।
युवा उत्सव में सामूहिक लोक नृत्य, सामूहिक लोकगीत, कविता लेखन, चित्रकला और नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। सभी प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी कला और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिताओं के परिणाम में सामूहिक लोक नृत्य में टाटा कॉलेज का राउतु ग्रुप प्रथम, मझगांव डिग्री कॉलेज का लव एंड ग्रुप द्वितीय और महिला कॉलेज डांस ग्रुप तृतीय स्थान पर रहा। सामूहिक लोकगीत में महिला कॉलेज का महिमा स्वर्णा ग्रुप प्रथम, मझगांव डिग्री कॉलेज का जासमीन पिंगुआ ग्रुप द्वितीय और संत ऑगस्टिन कॉलेज का शहदेव प्रसाद ग्रुप तृतीय रहा।
कविता लेखन में महिला कॉलेज की ईशा लोहार प्रथम, मांगीलाल रूंगटा कॉलेज के राकेश गोप द्वितीय और महिला कॉलेज की निकिता गोप तृतीय रहीं। चित्रकला में महिला कॉलेज की दीक्षा कुमारी गोप प्रथम, संत जेवियर कॉलेज की रिमझिम खलको द्वितीय और महिला कॉलेज की सरस्वती सुंडी तृतीय रहीं। नुक्कड़ नाटक में टाटा कॉलेज के बाल बृजेश बिरुआ प्रथम, महिला कॉलेज का बिदिशा एंड ग्रुप द्वितीय और अखरा कोल्हान का आरती ग्रुप तृतीय रहा।
समापन समारोह में उपायुक्त मनीष कुमार ने सभी विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने युवाओं की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन उनके सर्वांगीण विकास और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज तथा देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में महिला कॉलेज, एनएसएस और जिला प्रशासन के खेल विभाग का योगदान रहा। जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रमंडल स्तर और वहां प्रथम आने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। राज्य स्तर के विजेता राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।




