Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हान

सिकुरसाई रोड पर दर्दनाक सड़क हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से ट्रैक्टर चालक की मौत, पुलिस जांच में जुटी

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत सिकुरसाई रोड पर शुक्रवार देर रात हुए सड़क हादसे में 25 वर्षीय ट्रैक्टर चालक चरण सोय की मौत हो गई। वह डिलीयामार्चा गांव का निवासी था। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, चरण सोय अपनी टीवीएस राइडर बाइक से हाटगम्हारिया स्थित अपनी ससुराल से घर लौट रहा था। इसी दौरान सिकुरसाई रोड पर किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया।

परिजनों का आरोप है कि समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने के कारण चरण सोय को रेफर अस्पताल नहीं ले जाया जा सका। उनका कहना है कि यदि समय पर एंबुलेंस मिल जाती तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी। इलाज के दौरान उसने सदर अस्पताल में ही दम तोड़ दिया।

परिजनों ने बताया कि चरण सोय विवाहित था और उसका दो वर्ष का एक बेटा है। वह ट्रैक्टर चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। करीब एक माह पहले ही उसने नई टीवीएस राइडर बाइक खरीदी थी और उसी बाइक से घर लौटते समय यह हादसा हो गया।

घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। मुफ्फसिल थाना पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!