मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026: 5 अगस्त से 4 सितंबर तक जुड़वा सकते हैं नाम, डीसी ने युवाओं से की अपील

सरायकेला-खरसावाँ: जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने जिले के सभी पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत समय पर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने की अपील की है।

उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 5 अगस्त 2026 को मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन के बाद ऐसे नागरिक, जिनकी आयु 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो जाएगी अथवा जिनका नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे निर्धारित घोषणा-पत्र के साथ प्रपत्र-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करा सकते हैं।
डीसी ने कहा कि 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक पात्र नागरिक अपने संबंधित बीएलओ या ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर मतदाता पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती प्रत्येक पात्र नागरिक के मतदाता के रूप में पंजीकरण पर निर्भर करती है। इसलिए युवाओं, शैक्षणिक संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों, सामाजिक संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक पात्र लोगों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करें।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने नागरिकों से स्वयं अपना नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों और आसपास के पात्र लोगों को भी मतदाता बनने के लिए जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि समय पर मतदाता पंजीकरण लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।




