प्रखंड प्रमुख रामदेव हेंब्रम की मानवीय पहल से मध्यप्रदेश का लापता व्यक्ति परिवार से मिला

मुसाबनी: पूर्वी सिंहभूम जिले के मुसाबनी प्रखंड में मानवता की मिसाल पेश करते हुए प्रखंड प्रमुख एवं आजसू नेता रामदेव हेंब्रम ने मध्यप्रदेश के एक लापता व्यक्ति को उसके परिवार से मिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

जानकारी के अनुसार, मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले के निवासी लक्ष्मण गौड़ लोहा की खाट (खटिया) बेचने के सिलसिले में मुसाबनी क्षेत्र आए थे। इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और मानसिक स्थिति भी प्रभावित हो गई। इसके कारण वे कई दिनों तक मुसाबनी और आसपास के क्षेत्रों में भटकते रहे।
इस दौरान रामदेव हेंब्रम की नजर उन पर पड़ी। उन्होंने बिना किसी स्वार्थ के लक्ष्मण गौड़ को अपने घर ले जाकर भोजन, रहने की व्यवस्था और आवश्यक देखभाल की। साथ ही उनके परिजनों का पता लगाने के लिए लगातार प्रयास किया।
काफी खोजबीन के बाद लक्ष्मण गौड़ के परिवार का मोबाइल नंबर मिला। रामदेव हेंब्रम ने तुरंत उनके परिजनों से संपर्क कर पूरी जानकारी दी। सूचना मिलने पर उनका बेटा मुसाबनी पहुंचा। तीन दिनों तक देखभाल करने के बाद रामदेव हेंब्रम ने लक्ष्मण गौड़ को सकुशल उनके बेटे के सुपुर्द कर दिया। इसके बाद बेटा अपने पिता को लेकर मध्यप्रदेश स्थित अपने घर लौट गया।
रामदेव हेंब्रम की इस मानवीय पहल की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि संकट की घड़ी में उन्होंने जिस संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और सेवा भावना का परिचय दिया, वह समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है।




