मच्छरों के बढ़ते प्रकोप पर बड़कुंवर गागराई ने जताई चिंता, कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

चाईबासा: लगातार हो रही बारिश के बाद गुवा, किरीबुरू और बड़ाजामदा क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ गया है। दिन और रात दोनों समय मच्छरों से लोग परेशान हैं। सारंडा क्षेत्र पहले से ही मलेरिया प्रभावित माना जाता है, जिससे स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है।
पूर्व मंत्री एवं पूर्व भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बड़कुंवर गागराई ने क्षेत्र में बढ़ते मच्छरों के प्रकोप पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जलजमाव, झाड़ियों की सफाई नहीं होने और नियमित फॉगिंग के अभाव में हालात लगातार बिगड़ रहे हैं। उन्होंने जिला प्रशासन, राज्य सरकार और सेल प्रबंधन पर इस गंभीर समस्या को लेकर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि पहले सेल प्रबंधन की ओर से नियमित रूप से मच्छररोधी दवा का छिड़काव और फॉगिंग कराई जाती थी, जिससे लोगों को काफी राहत मिलती थी। लेकिन इस बार पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण मलेरिया, डेंगू और अन्य मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। गुवा, किरीबुरू और बड़ाजामदा के कई इलाकों में जलजमाव और घनी झाड़ियां मच्छरों के पनपने का प्रमुख कारण बन रही हैं।
बड़कुंवर गागराई ने दावा किया कि गुवा सेल अस्पताल में मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है और कई बेड भर चुके हैं। उन्होंने प्रशासन से युद्धस्तर पर फॉगिंग, मच्छररोधी दवा का छिड़काव, जलजमाव की सफाई, झाड़ियों की कटाई तथा गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाने की मांग की।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए गए और लोगों को राहत नहीं मिली, तो भारतीय जनता पार्टी जनता के हित में उग्र प्रदर्शन और आंदोलन करने को मजबूर होगी। उन्होंने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।




