
- जनप्रतिनिधि के इस कदम को लोगों ने बताया प्रेरणादायक
पोटका : हल्दीपोखर पूर्वी पंचायत की मुखिया देवी कुमारी भूमिज ने जनप्रतिनिधि के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए अब विधि शिक्षा के क्षेत्र में भी कदम बढ़ाया है। उन्होंने को-ऑपरेटिव लॉ कॉलेज में एलएलबी पाठ्यक्रम में नामांकन लिया है। वर्ष 2025 से 2028 तक चलने वाले इस पाठ्यक्रम के माध्यम से वह कानून की पढ़ाई पूरी करेंगी। मुखिया देवी कुमारी भूमिज का मानना है कि कानून की जानकारी प्रत्येक नागरिक के लिए अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि इससे लोग अपने अधिकारों, कर्तव्यों और कानूनी प्रक्रियाओं को बेहतर ढंग से समझ सकते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कानूनी जागरूकता की कमी के कारण कई लोग विभिन्न प्रकार के मानसिक, सामाजिक और आर्थिक शोषण का सामना करते हैं, जिसे जागरूकता के माध्यम से काफी हद तक रोका जा सकता है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : रथ यात्रा पर अधिवक्ताओं ने किया महाभोग वितरण, 2000 से अधिक श्रद्धालुओं ने किया प्रसाद ग्रहण
गरीब और जरूरतमंदों को कानूनी सहायता देने की है योजना
मुखिया देवी कुमारी भूमिज ने बताया कि वकालत की पढ़ाई पूरी करने के बाद उनका लक्ष्य समाज के वंचित, गरीब और जरूरतमंद लोगों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराना है। विशेष रूप से दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को न्याय दिलाने और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए वह सक्रिय रूप से कार्य करना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि कानून की शिक्षा उन्हें जनसेवा के कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से करने में मदद करेगी। उनके इस निर्णय की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधि रहते हुए उच्च शिक्षा हासिल करने और समाजहित में उसका उपयोग करने की सोच प्रेरणादायक है। लोगों को उम्मीद है कि भविष्य में उनके अनुभव और कानूनी ज्ञान का लाभ क्षेत्र के ग्रामीणों को मिलेगा।




