Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हानशिक्षा जगत

कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय खूंटपानी में नवप्रवेशी छात्राओं का भव्य स्वागत, उपायुक्त मनीष कुमार ने शिक्षा और अनुशासन का दिया संदेश

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, खूंटपानी में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के अंतर्गत कक्षा छह की नवप्रवेशी छात्राओं के स्वागत एवं प्रोत्साहन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार अपनी पत्नी के साथ विद्यालय पहुंचे, जहां छात्राओं ने पुष्पगुच्छ, तिलक एवं पारंपरिक रीति-रिवाज से उनका आत्मीय स्वागत किया। स्वागत गीत, पारंपरिक नृत्य और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। नशा उन्मूलन विषय पर प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक ने सभी का ध्यान आकर्षित किया, जिसमें नशे से होने वाले दुष्प्रभावों और स्वस्थ जीवन अपनाने का प्रभावशाली संदेश दिया गया। उपस्थित अतिथियों ने छात्राओं की प्रतिभा और प्रस्तुति की सराहना की।

इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार ने नवप्रवेशी छात्राओं को विद्यालय की ओर से उपलब्ध कराए जाने वाले शैक्षणिक एवं दैनिक उपयोग के किट वितरित किए। उन्होंने छात्राओं से संवाद करते हुए नियमित अध्ययन, अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

अपने संबोधन में उपायुक्त ने कहा कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि छात्राओं के लिए एक परिवार है, जहां उन्हें सुरक्षित वातावरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सर्वांगीण विकास के अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में बालिका शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की बेटियां भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर अपने सपनों को साकार कर सकें।

उन्होंने बताया कि विद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियां, व्यक्तित्व विकास, पुस्तकालय, आवासीय सुविधा और पौष्टिक भोजन जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। छात्राओं से इन सभी संसाधनों का भरपूर लाभ उठाकर अपनी प्रतिभा को निखारने की अपील की गई।

उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि “शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी ताकत है। कठिन परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।” उन्होंने वरिष्ठ छात्राओं से नई छात्राओं का छोटी बहन की तरह सहयोग करने का आग्रह किया, ताकि वे विद्यालय के वातावरण में सहजता से घुल-मिल सकें। साथ ही उन्होंने छात्राओं को मोबाइल और अनावश्यक गतिविधियों से दूरी बनाकर पढ़ाई, खेलकूद और रचनात्मक कार्यों पर अधिक ध्यान देने की सलाह दी।

कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य यमुना तियु, खूंटपानी अंचलाधिकारी फुलेश्वर साव, स्थानीय मुखिया दोनो बान सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार, विद्यालय की वार्डन, शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यालय कर्मी एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!