
- बिजली चोरी रोकने के लिए आगे भी जारी रहेगा विशेष जांच अभियान
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के लालसाईं, चांदड़ा समेत विभिन्न इलाकों में विद्युत विभाग द्वारा चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान से बिजली चोरी करने वालों में हड़कंप मच गया है। कार्यपालक अभियंता अमीर हमजा के नेतृत्व तथा कनीय विद्युत अभियंता तापस मंडल की टीम ने कई स्थानों पर जांच अभियान चलाया। इस दौरान आठ लोगों को मीटर बाईपास और अवैध हुकिंग के माध्यम से बिजली चोरी करते हुए पकड़ा गया। जांच में सामने आए मामलों में विगसन होटल के संचालक दिनेश बिग पर ₹1,46,550 तथा अजंता होटल के जितेंद्र कुमार सिंह पर ₹26,645 का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा नारायण मंडल, बिमल महापात्र, संजय बेरा, सीमांतो मंगल, मधुकर मंगल और मानिक डे पर भी कार्रवाई करते हुए कुल ₹2,34,445 का जुर्माना निर्धारित किया गया।
इसे भी पढ़ें : Ranchi : जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा विवाद पर छात्रों का आंदोलन तेज, 29 जुलाई को पदयात्रा और 06 अगस्त को विधानसभा घेराव का ऐलान
विद्युत अधिनियम के तहत दर्ज हुई प्राथमिकी, विभाग ने दी सख्त चेतावनी
बिजली चोरी के मामलों को गंभीर मानते हुए विद्युत विभाग ने सभी आठ आरोपियों के खिलाफ बरसोल थाना में विद्युत अधिनियम के तहत प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज करा दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी से विभाग को आर्थिक नुकसान होने के साथ-साथ विद्युत व्यवस्था भी प्रभावित होती है। विभाग ने उपभोक्ताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि अवैध कनेक्शन, मीटर बाईपास और हुकिंग के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा। अधिकारियों ने लोगों से वैध विद्युत कनेक्शन का उपयोग करने और नियमों का पालन करने की अपील की है, ताकि कानूनी कार्रवाई और आर्थिक दंड से बचा जा सके। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में बिजली चोरी करने वालों के बीच भय का माहौल देखा जा रहा है।




