प्री-बोर्ड परीक्षा के लिए 226 विद्यार्थियों को मिली परिवहन सुविधा, सेल गुवा और टाटा स्टील ने बढ़ाया सहयोग

गुवा: कक्षा आठवीं की प्री-बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले 226 छात्र-छात्राओं के लिए गुवा सेल प्रबंधन और टाटा स्टील नोवामुंडी ने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत विशेष परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई। इस पहल से दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को सुरक्षित और समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने में बड़ी राहत मिली।

गुवा सेल प्रबंधन ने दो बसें उपलब्ध कराईं, जबकि टाटा स्टील नोवामुंडी ने एक बस और एक विंगर वाहन उपलब्ध कराया। इन वाहनों के माध्यम से मिडिल स्कूल गुवा, राजकीय मध्य विद्यालय गुवासाई और उत्क्रमित मध्य विद्यालय नुईया के कुल 226 विद्यार्थियों को चाईबासा स्थित प्री-बोर्ड परीक्षा केंद्र के लिए रवाना किया गया।
तीनों विद्यालयों का परीक्षा केंद्र चाईबासा निर्धारित होने के कारण विद्यार्थियों के आवागमन को लेकर कठिनाइयों की आशंका थी। इस समस्या को देखते हुए पूर्व सांसद गीता कोड़ा, नोवामुंडी भाग-1 की जिला परिषद सदस्य सुश्री देवकी कुमारी तथा झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे के प्रयासों से गुवा सेल प्रबंधन एवं टाटा स्टील प्रबंधन ने परिवहन की व्यवस्था सुनिश्चित की।
इस सामाजिक पहल को सफल बनाने में पश्चिमी पंचायत की मुखिया पद्मिनी लागुरी, पूर्वी पंचायत की मुखिया चांदमनी लागुरी, बाल अधिकार मंच के पदमा केसरी और एस्पायर संस्था के कृष्णा गोप का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।
मंगलवार सुबह करीब छह बजे सभी 226 छात्र-छात्राएं बसों और विंगर में सवार होकर चाईबासा के लिए रवाना हुए। इस दौरान जिला परिषद सदस्य सुश्री देवकी कुमारी, जेएसएलपीएस की जेंडर सीआरपी गीता देवी, ममता देवी, तीनों विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
अभिभावकों और शिक्षकों ने गुवा सेल प्रबंधन, टाटा स्टील नोवामुंडी तथा इस पहल में सहयोग करने वाले जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि समय पर परिवहन सुविधा उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को सुरक्षित और बिना किसी परेशानी के परीक्षा केंद्र पहुंचने का अवसर मिला, जिससे वे पूरे आत्मविश्वास के साथ परीक्षा में शामिल हो सके।




