श्री श्याम गुणगान बाल मंडल की नई कार्यकारिणी का गठन, दिसंबर में होगा दो दिवसीय भव्य श्री श्याम महोत्सव

जमशेदपुर: वर्ष 2008 से धार्मिक एवं आध्यात्मिक गतिविधियों के माध्यम से श्रद्धालुओं को श्री श्याम प्रभु की भक्ति से जोड़ने वाली संस्था श्री श्याम गुणगान बाल मंडल की महत्वपूर्ण बैठक जुगसलाई में आयोजित हुई। बैठक में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। साथ ही 19 और 20 दिसंबर 2026 को दो दिवसीय भव्य श्री श्याम महोत्सव आयोजित करने की घोषणा की गई।

मुख्य संरक्षक दीपक सोंथालिया के नेतृत्व में हुई बैठक में संस्था के विस्तार, सेवा कार्यों को गति देने तथा अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को जोड़ने पर चर्चा हुई। सर्वसम्मति से मनोज शर्मा को अध्यक्ष, घनश्याम खंडेलवाल को उपाध्यक्ष, नीरज शर्मा को सचिव, सुमित शर्मा को सह सचिव, विमल अग्रवाल को कोषाध्यक्ष तथा सौरभ अग्रवाल को सह कोषाध्यक्ष चुना गया। नव-निर्वाचित पदाधिकारियों का सदस्यों ने स्वागत करते हुए शुभकामनाएं दीं।
बैठक में यह विश्वास जताया गया कि नई कार्यकारिणी संस्था को नई ऊर्जा प्रदान करेगी और धार्मिक, सामाजिक व सांस्कृतिक गतिविधियों को और व्यापक बनाएगी। साथ ही युवाओं और बच्चों को संस्था से जोड़कर सेवा, संस्कार और भक्ति की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया गया।
बैठक का मुख्य आकर्षण दिसंबर में आयोजित होने वाले दो दिवसीय श्री श्याम महोत्सव की घोषणा रही। आयोजन में देश के प्रसिद्ध भजन गायकों की प्रस्तुति, आकर्षक श्याम दरबार, भजन संध्या, पुष्प एवं अलौकिक श्रृंगार, प्रसाद वितरण सहित कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। संस्था ने हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा है।
इस अवसर पर जितेंद्र धूत, संजय अग्रवाल, मनीष पुरोहित, पंकज शर्मा, चंदन शर्मा, राजकुमार मित्तल, जितेश अग्रवाल, रितिक खिरवाल, गौरव गोयल, जोनी भालोटिया, नीतिश गोयल, अनिकेत अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, गोविंद साबू सहित कई सदस्य मौजूद रहे।




