मानगो नगर निगम पर सरयू राय का बड़ा हमला, बोले- ‘प्राइवेट लिमिटेड कंपनी’ की तरह चल रहा निगम

जमशेदपुर: मानगो नगर निगम की कार्यशैली को लेकर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। जदयू द्वारा आयोजित एवं भाजपा, लोजपा और आजसू समर्थित धरना-प्रदर्शन में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने नगर निगम पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मानगो नगर निगम कुछ लोगों की “प्राइवेट लिमिटेड कंपनी” बनकर रह गया है और अधिकारियों की कार्यशैली के कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

सरयू राय ने कहा कि 38 विकास योजनाओं का शिलान्यास होने के बावजूद उन्हें शुरू नहीं किया गया, जबकि नगर निगम को इसका कारण जनता के सामने स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि योजनाओं के नाम पर सरकारी अनुदान और टैक्सदाताओं के पैसे का दुरुपयोग हो रहा है तथा अधूरे कार्यों का भी पूरा भुगतान किया जा रहा है।

उन्होंने हाल ही में हुई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि नगर निगम के गोपनीय दस्तावेज एक बाहरी व्यक्ति तक कैसे पहुंचे। उन्होंने इसे गंभीर मामला बताते हुए कानूनी कार्रवाई की बात भी कही।
सरयू राय ने दावा किया कि नगर निगम के कई पार्षद भी वर्तमान कार्यशैली से असंतुष्ट हैं और चाहें तो मेयर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव ला सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों पर जनप्रतिनिधियों के पत्रों का जवाब नहीं देने और ठेकेदारों के साथ मिलीभगत के भी आरोप लगाए।
धरने में भाजपा नेता अभिनव सिंह ने कहा कि मेयर को समझना चाहिए कि उनके अपने पार्षद भी उनसे खुश नहीं हैं। वहीं आजसू जिलाध्यक्ष कन्हैया सिंह ने आरोप लगाया कि मेयर बनने के बाद से मानगो में विकास कार्य ठप हो गए हैं। पूर्व मेयर प्रत्याशी संध्या सिंह ने भी नगर निगम की कार्यप्रणाली और स्थानीय समस्याओं को लेकर सवाल उठाए।
धरना-प्रदर्शन में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर नगर निगम की कार्यशैली के खिलाफ आवाज बुलंद की।




