
चक्रधरपुर: चक्रधरपुर शहर के राजबाड़ी रोड स्थित एक पार्लर संचालिका साइबर ठगी का शिकार हो गईं। ठग ने खुद को सीआरपीएफ कैंप का अधिकारी बताकर विश्वास में लिया और उनके बैंक खाते से ₹17 हजार की ठगी कर ली। घटना के बाद पीड़िता ने संबंधित थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, राजबाड़ी रोड निवासी अनुपमा गुप्ता के मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया। उसने स्वयं को सीआरपीएफ कैंप का अधिकारी बताते हुए कहा कि उसकी पत्नी का मेकअप करवाना है। बातचीत के दौरान उसने विश्वास जीतते हुए बैंक खाते और क्यूआर कोड से संबंधित जानकारी हासिल कर ली।
इसके बाद साइबर ठग ने दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से पहले ₹10 हजार और फिर ₹7 हजार उनके बैंक खाते से निकाल लिए। जब तक अनुपमा गुप्ता को ठगी का एहसास हुआ, तब तक उनके खाते से कुल ₹17 हजार की निकासी हो चुकी थी।
घटना के बाद पीड़िता ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और साइबर ठग की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर बैंक खाता, एटीएम, ओटीपी, यूपीआई पिन या क्यूआर कोड से जुड़ी जानकारी साझा न करें। किसी भी संदिग्ध कॉल या ऑनलाइन लेनदेन की स्थिति में तुरंत सतर्क रहें और साइबर ठगी होने पर तत्काल पुलिस या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।




