
- ग्रामीणों ने नई पुलिया निर्माण और सुरक्षा इंतजाम की उठाई मांग
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के खण्डामौदा से चंदरपुर चौक को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर स्थित जर्जर पुलिया इन दिनों राहगीरों के लिए गंभीर खतरा बनी हुई है। पुलिया के दोनों ओर लगभग 30 से 40 फीट गहरी खाई है, जबकि सुरक्षा के लिए रेलिंग तक नहीं लगी है। स्थानीय लोगों के अनुसार इस असुरक्षित पुलिया के कारण अब तक करीब आधा दर्जन लोगों की जान जा चुकी है, वहीं कई मवेशी भी दुर्घटनाओं का शिकार हो चुके हैं। प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन और ग्रामीण इस मार्ग से गुजरते हैं, जिसके कारण हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है, जिससे लोगों में चिंता और असंतोष बढ़ता जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : Potka : 10 माह के बकाया कमीशन पर एक माह का भुगतान, डीलरों के साथ मजाक – अनवर अली
कई बार उठी मांग, फिर भी नहीं हुई ठोस कार्रवाई

स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिया की जर्जर स्थिति को लेकर कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकृष्ट कराया गया, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। भाजपा नेता ऋषि सारंगी ने इस मुद्दे पर आंदोलन की चेतावनी देते हुए स्थानीय विधायक समीर मोहंती और उपायुक्त को ज्ञापन भी सौंपा है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें केवल आश्वासन ही मिले हैं, जबकि हादसे लगातार हो रहे हैं। आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से अविलंब सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने, रेलिंग लगाने तथा नई पुलिया के निर्माण की मांग की है। उनका कहना है कि किसी बड़े हादसे की प्रतीक्षा करने के बजाय तत्काल कार्रवाई कर लोगों की जान बचाई जानी चाहिए।




