
गुवा : किरीबुरू–मनोहरपुर मुख्य मार्ग पर सैडल गेट से लगभग डेढ़ किलोमीटर आगे शुक्रवार को एक बड़ा वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। जानकारी के अनुसार, वाहन तीखे मोड़ पर असंतुलित हो गया और चालक नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके कारण यह हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद वाहन सड़क के बीचों-बीच फंस गया। इसके चलते मार्ग के दोनों ओर छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन ठप हो गया। अचानक उत्पन्न हुई इस स्थिति से यात्रियों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा में तेज रफ्तार कार की टक्कर से साइकिल सवार मजदूर गंभीर घायल
पुलिस ने संभाला मोर्चा, यातायात सामान्य करने का प्रयास जारी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस एवं प्रशासन की टीम यातायात को जल्द से जल्द सामान्य करने के प्रयास में जुटी रही। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सड़क का यह हिस्सा काफी खतरनाक और तीखे मोड़ वाला है, जहां भारी वाहनों के चालकों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत होती है। पुलिस ने वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने, गति नियंत्रित रखने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। प्रशासन ने कहा कि मार्ग को पूरी तरह सुचारु बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।




