Jamshedpur : राष्ट्रीय गांधीवादी नेतृत्व शिविर के लिए जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय की छात्रा नाजिया परवीन का चयन
देशभर के प्रतिभागियों में शामिल होकर बढ़ाया झारखंड और विश्वविद्यालय का गौरव

- गांधीवादी मूल्यों और नेतृत्व क्षमता के विकास पर रहेगा विशेष जोर
- जलगांव में 12 दिनों तक चलेगा राष्ट्रीय नेतृत्व प्रशिक्षण कार्यक्रम
जमशेदपुर : जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय की एनएसएस स्वयं सेविका नाजिया परवीन का चयन 12 दिवसीय राष्ट्रीय गांधीवादी नेतृत्व शिविर के लिए हुआ है। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय और झारखंड राज्य के लिए गर्व का विषय मानी जा रही है। चयन की जानकारी मिलने पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. इला कुमार ने नाजिया को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस प्रतिष्ठित शिविर के लिए देश के विभिन्न राज्यों से 200 से अधिक एनएसएस स्वयं सेविकाओं और एनसीसी कैडेटों ने भाग लिया था। चयन प्रक्रिया के तहत व्यक्तिगत साक्षात्कार आयोजित किया गया, जिसके आधार पर कुल 50 सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागियों का चयन किया गया। इनमें झारखंड से केवल दो उम्मीदवारों को स्थान मिला, जिनमें नाजिया परवीन भी शामिल हैं।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : मानुषमुड़िया विद्यालय में पेड़ों की कटाई और भवन ध्वस्तीकरण पर विवाद, मुखिया ने मांगी उच्चस्तरीय जांच
राष्ट्रीय स्तर पर नाजिया की सफलता से विश्वविद्यालय में खुशी का माहौल
राष्ट्रीय गांधीवादी नेतृत्व शिविर का आयोजन 21 सितंबर से 3 अक्टूबर तक महाराष्ट्र के जलगांव में किया जाएगा। 12 दिवसीय इस आवासीय कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता का विकास करना, गांधीवादी विचारधारा से परिचित कराना तथा समाज में शांति, अहिंसा और सेवा के मूल्यों को बढ़ावा देना है। शिविर के दौरान प्रतिभागियों को सामुदायिक नेतृत्व, सामाजिक उत्तरदायित्व, व्यक्तित्व विकास और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। नाजिया परवीन के चयन से विश्वविद्यालय के शिक्षकों, एनएसएस इकाई और छात्राओं में उत्साह का माहौल है। सभी ने उनके सफल सहभागिता की कामना करते हुए इसे विश्वविद्यालय की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।




