
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ की प्रबंधन समिति की चौथी बैठक रविवार को बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम स्थित एस.आर. रुंगटा पैवेलियन में संघ के अध्यक्ष मुकुंद रुंगटा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से सितंबर माह के तीसरे सप्ताह में आईपीएल और हाल ही में आयोजित झारखंड टी-20 लीग की तर्ज पर पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग के आयोजन को मंजूरी दी गई।
बैठक में बताया गया कि इस लीग में कुल छह फ्रेंचाइजी टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ जल्द ही स्टेक स्पोर्ट्स जी के साथ करार करेगा। बैठक के दौरान स्टेक स्पोर्ट्स जी के प्रतिनिधियों ने प्रबंधन समिति के समक्ष पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग का पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन भी प्रस्तुत किया।
संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह ने बताया कि 10 दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में कुल 18 मैच खेले जाएंगे। प्रतियोगिता ओपन लीग प्रारूप में आयोजित होगी, जिसमें सभी टीमें एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबला करेंगी। 15 लीग मैचों के बाद अंक तालिका में शीर्ष चार स्थान पर रहने वाली टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में केवल पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ से निबंधित खिलाड़ी ही भाग ले सकेंगे। इसके अलावा आइकॉनिक खिलाड़ियों के रूप में झारखंड के कुछ नामी खिलाड़ियों को भी आमंत्रित किया जाएगा, ताकि प्रतियोगिता का स्तर ऊंचा रहे और जिले के खिलाड़ियों को अनुभवी खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर मिल सके।
असीम कुमार सिंह ने बताया कि छह फ्रेंचाइजी टीमों की बिडिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद खिलाड़ियों की नीलामी कराई जाएगी। इस नीलामी का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इवेंट मैनेजमेंट की जिम्मेदारी संभालने वाली फर्म के साथ करार होने के बाद प्रतियोगिता की तिथि, टीमों, खिलाड़ियों की नीलामी और अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।
बैठक में आगामी प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई और आयोजन की तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्णय लिया गया।
इसे भी पढ़ें : Chaibasa : मारवाड़ी युवा मंच चाईबासा ने गौशाला परिसर में चलाया पौधारोपण एवं स्वच्छता अभियान




