
जमशेदपुर : आजादनगर थाना क्षेत्र में एक जून को रोड नंबर-3 स्थित सिब्तैन मस्जिद के समीप हुई फायरिंग मामले में पुलिस को अहम सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी मुबारक अंसारी को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 7.65 एमएम की पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस और एक फायर किया हुआ खोखा बरामद किया गया।
सिटी एसपी ललित मीणा ने शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि इस फायरिंग की घटना में मुबारक अंसारी, मोहम्मद शफीक, तनवीर उर्फ इमरान उर्फ खेपा, महताब और तनवीर उर्फ समीर शामिल थे। घटना के बाद आजादनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। जांच के दौरान 13 जून को आरोपी तनवीर उर्फ इमरान उर्फ खेपा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।
इसके बाद फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के विभिन्न जिलों में लगातार छापेमारी की गई। पुलिस के बढ़ते दबाव के बीच मुख्य आरोपी मुबारक अंसारी (24 वर्ष), निवासी रहमतनगर, कपाली, ने 22 जून को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद पुलिस ने उसे 48 घंटे की रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की।
पूछताछ में उसने घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार के संबंध में जानकारी दी, जिसके आधार पर पुलिस ने पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया। सिटी एसपी ने बताया कि मुबारक अंसारी के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामला दर्ज है। वहीं, मामले के अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी लगातार जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।




