कोल्हान

*मनोहरपुर प्रीमियर लीग के पहले सीजन पर ब्लास्टर का कब्जा, सुपर किंग को हराकर बना चैंपियन*

चाईबासा: इवनिंग स्टार मनोहरपुर के तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय मनोहरपुर प्रीमियर लीग (एमपीएल) क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-1 का शुक्रवार को आम बगान मैदान में समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में मनोहरपुर ब्लास्टर ने शानदार खेल दिखाते हुए मनोहरपुर सुपर किंग को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।

फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मनोहरपुर सुपर किंग की टीम ने निर्धारित 8 ओवर में 73 रन बनाए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी मनोहरपुर ब्लास्टर की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 6 ओवर 5 गेंद में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और टूर्नामेंट की विजेता बनी।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि मनोहरपुर विधायक जगत माझी और विशिष्ट अतिथि जिला परिषद उपाध्यक्ष रंजीत यादव उपस्थित रहे। इस मौके पर विधायक जगत माझी ने एमपीएल के पहले आयोजन की सफलता पर आयोजन समिति को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मनोहरपुर क्षेत्र में क्रिकेट, फुटबॉल और हॉकी के कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं। जरूरत है उन्हें बेहतर मंच और सही दिशा देने की, ताकि वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर आगे बढ़ सकें। उन्होंने अगले वर्ष इससे भी बेहतर आयोजन की शुभकामना देते हुए समिति को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।

फाइनल में बेहतर प्रदर्शन करने वाले रोहित यादव को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जबकि पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाने वाले रोबिनसन सांगा को मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार मिला।

पुरस्कार वितरण के दौरान विजेता मनोहरपुर ब्लास्टर को विधायक जगत माझी ने ट्रॉफी के साथ 60 हजार रुपये नगद प्रदान किए। वहीं उपविजेता मनोहरपुर सुपर किंग को जिला परिषद उपाध्यक्ष रंजीत यादव ने ट्रॉफी और 40 हजार रुपये नगद देकर सम्मानित किया।

मौके पर एसडीपीओ डेविड ए. डोडराय, बीडीओ शक्ति कुंज, सीओ प्रदीप कुमार, इंस्पेक्टर अमित रौशन कुल्लू, जिला परिषद सदस्य जय प्रकाश महतो, उपप्रमुख दीपक एक्का, थाना प्रभारी एमुएल एक्का, मुखिया पूजा कुजूर, संजीव गंताइत, चंचल रवानी, बबलू खान, विक्रम सिंह, मुख्य आयोजनकर्ता किशन सिंह उर्फ बुग्गी, अनिकेत यादव, मिहिर खान, नीलकंठ नाग, सौरभ, माही और नसहर समेत बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!