*मतकमबिड़ि में जल्द बनेगी 600 फीट पीसीसी सड़क, सन्नी उरांव ने किया स्थल निरीक्षण*

चाईबासा: चक्रधरपुर प्रखंड अंतर्गत गुलकेड़ा पंचायत अंतर्गत ग्राम मुरहातु के टोला मतकमबिड़ि में ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही सड़क की समस्या जल्द दूर होने वाली है। गांव में लगभग 600 फीट पीसीसी सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इसे लेकर गुरुवार को झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सन्नी उरांव ने विधायक प्रतिनिधि पीरु हेमराज के साथ गांव पहुंचकर प्रस्तावित सड़क स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी भवन से मंगल सिंह जामको के घर तक पीसीसी सड़क निर्माण की रूपरेखा तैयार की गई। इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने सड़क से जुड़ी अपनी समस्याओं और परेशानियों से नेताओं को अवगत कराया।
इस दौरान झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सन्नी उरांव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। गांव के लोगों को आवागमन में परेशानी नहीं हो, इसके लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मतकमबिड़ि के ग्रामीण लंबे समय से सड़क की समस्या से जूझ रहे हैं। ग्रामीणों की मांग को गंभीरता से लेते हुए सड़क निर्माण की पहल की गई है।
सन्नी उरांव ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि आगामी एक महीने के भीतर लगभग 600 फीट पीसीसी सड़क का निर्माण कार्य पूरा कराकर ग्रामीणों को समर्पित करने का प्रयास किया जाएगा। सड़क बनने से विशेषकर बरसात के दिनों में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी और आवागमन आसान होगा।
विधायक प्रतिनिधि पीरु हेमराज ने भी ग्रामीणों को सड़क निर्माण को लेकर आश्वस्त किया। वहीं, स्थानीय ग्रामीणों ने उनकी समस्या पर त्वरित पहल करने और सड़क निर्माण का भरोसा देने के लिए झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सन्नी उरांव और विधायक प्रतिनिधि पीरु हेमराज के प्रति आभार व्यक्त किया।




