*भगवान बिरसा मुंडा राष्ट्रीय पुरस्कार लेने दिल्ली रवाना हुए हो साहित्यकार डोबरो बुड़ीउली*

चाईबासा: कोल्हान के प्रसिद्ध हो साहित्यकार और कवि डोबरो बुड़ीउली भगवान बिरसा मुंडा राष्ट्रीय पुरस्कार-2026 ग्रहण करने के लिए शुक्रवार को दिल्ली रवाना हो गए। उन्हें 15 नवंबर को दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में इस पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। उनके साथ जमशेदपुर के हो भाषा के कवि कशराय कुदादा भी दिल्ली के लिए रवाना हुए।
डोबरो बुड़ीउली शुक्रवार शाम पांच बजे टाटानगर रेलवे स्टेशन से टाटानगर-जम्मूतवी एक्सप्रेस से दिल्ली के लिए रवाना हुए। इस दौरान जमशेदपुर के हो समाज के लोग उन्हें विदाई देने स्टेशन पहुंचे। समाज के लोगों ने उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की और पुरस्कार मिलने पर खुशी जताते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
*सोनाराम सिंकू और गीता कोड़ा ने दी बधाई*
इधर, जगन्नाथपुर के विधायक सोनाराम सिंकू और पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने फोन कर डोबरो बुड़ीउली को बधाई दी और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। दोनों ने कहा कि कोल्हान की धरती से निकली जनजातीय साहित्य की खुशबू अब राजधानी तक पहुंच गई है। यह क्षेत्र के साहित्यिक भविष्य के लिए शुभ संकेत है।
इसके अलावा आदिवासी स्वशासन एकता मंच के केंद्रीय अध्यक्ष कुसुम केराई, हरीश बोदरा, बबलू सावैयां, सनातन सावैयां और विजय सुंबरुई ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं। सभी ने उम्मीद जताई कि वे आगे भी हो साहित्य के विकास और संरक्षण की दिशा में काम करते रहेंगे।
56 वर्षीय डोबरो बुड़ीउली सदर प्रखंड के बरकुंडिया गांव के मूल निवासी हैं। उन्होंने टाटा कॉलेज से दर्शनशास्त्र में ऑनर्स की पढ़ाई की है। इसके बाद रांची विश्वविद्यालय से मास्टर डिग्री प्राप्त की।




