कोल्हान

*खड़गे का बयान कांग्रेस की हताशा का प्रतीक : बड़कुंवर गागराई*

चाईबासा: बिहार की राजधानी पटना में बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए कथित विवादित बयान पर राजनीतिक विवाद बढ़ गया है। भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष और झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने खड़गे के बयान की कड़ी निंदा करते हुए इसे कांग्रेस की हताशा का प्रतीक बताया है।

बड़कुंवर गागराई ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का बयान बताता है कि कांग्रेस पूरी तरह हताश हो चुकी है। वर्तमान कांग्रेस के पास देश की जनता के सामने रखने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। यही कारण है कि कांग्रेस के बड़े नेता प्रधानमंत्री के खिलाफ इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री के प्रति इस प्रकार की भाषा का इस्तेमाल करना उचित नहीं है।

पूर्व मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत की है। भारत आज अपनी सैन्य शक्ति, कूटनीति और स्वदेशी उत्पादन के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। मेड इन इंडिया के माध्यम से देश में उत्पादन और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। भारत अब दुनिया के सामने मजबूती से अपनी बात रखता है और अपने हितों की रक्षा करना जानता है।

गागराई ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के विकास, गरीबों के कल्याण और समाज के विभिन्न वर्गों के उत्थान के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं। गरीब परिवारों को आवास, जरूरतमंदों को मुफ्त राशन, महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने, किसानों को सहायता देने तथा युवाओं के लिए अवसर बढ़ाने की दिशा में केंद्र सरकार काम कर रही है। इन प्रयासों का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री देश के सभी समुदायों और वर्गों के विकास की बात करते हैं। ऐसे में देश का नेतृत्व करने वाले प्रधानमंत्री के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी कांग्रेस की राजनीतिक सोच को दर्शाती है।

बड़कुंवर गागराई ने कांग्रेस के साथ इंडिया गठबंधन पर भी निशाना साधते हुए कहा कि इस तरह की बयानबाजी से देश की जनता के बीच सकारात्मक संदेश नहीं जाता। उन्होंने कहा कि विपक्ष को व्यक्तिगत टिप्पणियों के बजाय देश के विकास, रोजगार, जनकल्याण और जनता से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखनी चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!