*दुर्गा पूजा को लेकर आयुक्त ने की समीक्षा बैठक, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर जोर*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में दुर्गा पूजा की तैयारियों को लेकर बुधवार को कोल्हान प्रमंडल के आयुक्त रविरंजन कुमार विक्रम की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय के आयुक्त प्रकोष्ठ में हुई बैठक में विधि-व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात और अग्नि सुरक्षा सहित अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
आयुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी पूजा समितियों को पंडालों के प्रवेश और निकास द्वार सहित आसपास के प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने को कहा। जिला और अनुमंडल स्तर पर नियंत्रण कक्ष के माध्यम से निगरानी करने का भी निर्देश दिया।
उन्होंने डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित मानकों और समय-सीमा के अनुसार करने तथा आपत्तिजनक गीतों पर रोक लगाने को कहा। चाईबासा, चक्रधरपुर, जगन्नाथपुर, नोवामुंडी और गुवा सहित संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था करने, दुकानों को व्यवस्थित रखने और अवैध पार्किंग पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
महिला सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों और दंडाधिकारियों की तैनाती, चिकित्सा दल, प्राथमिक उपचार और एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। पूजा पंडालों का सुरक्षा ऑडिट कराने के साथ अग्नि सुरक्षा, विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई और आपातकालीन रास्तों को बाधामुक्त रखने पर भी जोर दिया गया।
खाद्य सुरक्षा के लिए मिठाई दुकानों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच करने तथा मिलावट मिलने पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। आयुक्त ने विसर्जन मार्गों का सत्यापन, विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त रोशनी और जरूरत के अनुसार फ्लैग मार्च कराने को भी कहा।
बैठक में उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अमित रेणु, सहायक समाहर्ता ईरा जोरवाल, आयुक्त के सचिव दयानंद कार्जी, उप परिवहन आयुक्त-सह-सचिव, प्रादेशिक परिवहन प्राधिकार रंथू महतो, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




