कोल्हान

*आयुष मेगा कैंप में 340 लोगों की हुई स्वास्थ्य जांच, योग मित्र प्रतियोगिता में झींकपानी की छात्राएं प्रथम*

चाईबासा: बिरसा मुंडा इंडोर स्टेडियम, चाईबासा में रविवार को आयुष मेगा कैंप के तहत आयुष स्वास्थ्य शिविर और योग मित्र प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ विद्यार्थियों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

स्वास्थ्य शिविर में कुल 340 लोगों की जांच की गई। जरूरत के अनुसार लोगों को आयुष पद्धति के तहत निःशुल्क दवाइयां दी गईं। इसके अलावा जरूरतमंद लोगों के बीच मच्छरदानी का वितरण किया गया। शिविर में लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान आयुष विभाग की ओर से योग मित्र के रूप में चिह्नित विद्यालयों के विद्यार्थियों के बीच योग मित्र प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से योगासन प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, झींकपानी की छात्राओं के योग मित्र समूह ने प्रथम पुरस्कार हासिल किया। विद्यार्थियों ने योग के माध्यम से शारीरिक स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने गुब्बारे उड़ाकर किया। इस अवसर पर झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) की महिलाओं ने आकर्षक रंगोली बनाई। रंगोली के माध्यम से भी स्वास्थ्य और योग के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश, सहायक समाहर्ता ईरा जोरवाल, सिविल सर्जन, जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी और जिला कार्यक्रम प्रबंधक (आयुष) सहित आयुष विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

आयुष मेगा कैंप के माध्यम से लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं देने, योगाभ्यास को बढ़ावा देने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!