कोल्हान

*टेबो में सड़क निर्माण में लगी जेसीबी में लगाई आग, अपराधियों की तलाश में जुटी पुलिस*

*एसपी अमित रेणु ने कहा- मामले की जांच जारी, जल्द होगी गिरफ्तारी; लेवी और रंगदारी की अभी पुष्टि नहीं*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के टेबो थाना क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य में लगी एक जेसीबी मशीन को अज्ञात अपराधियों ने आग के हवाले कर दिया। घटना शनिवार रात करीब नौ बजे की बताई जा रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई में जुटी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, टेबो थाना से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर टेबो से हलमद तक लगभग 15 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। पिछले कई महीनों से यह काम बंद था। गुरुवार को खूंटी के ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य के लिए जेसीबी मशीन लाई गई थी। शनिवार रात अज्ञात अपराधियों ने सड़क निर्माण स्थल पर खड़ी जेसीबी में आग लगा दी और मौके से फरार हो गए।

रविवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर टेबो थाना में तैनात प्रशिक्षु बिरजू कुमार मेहता पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अपराधियों का पता लगाने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

*लेवी और रंगदारी की आशंका, पुष्टि नहीं*

घटना के बाद इलाके में लेवी वसूली और रंगदारी को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। आशंका जताई जा रही है कि सड़क निर्माण कार्य को प्रभावित करने या इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से वारदात को अंजाम दिया गया हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक लेवी या रंगदारी की पुष्टि नहीं की है।

गौरतलब है कि सारंडा क्षेत्र को हाल ही में पुलिस प्रशासन ने नक्सलमुक्त घोषित किया था। ऐसे में सड़क निर्माण कार्य में लगी मशीन को जलाने की घटना से क्षेत्र में सुरक्षा और विकास कार्यों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों को आशंका है कि इस तरह की घटनाओं से सड़क निर्माण कार्य दोबारा प्रभावित हो सकता है।

*जल्द होगी अपराधियों की गिरफ्तारी : एसपी*

पश्चिमी सिंहभूम के एसपी अमित रेणु ने बताया कि टेबो थाना क्षेत्र में जेसीबी मशीन में आग लगाए जाने की सूचना मिली है। मामले की जांच के लिए चक्रधरपुर एसडीपीओ और टेबो थाना प्रभारी को घटनास्थल पर भेजा गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के पीछे क्या कारण है। उन्होंने कहा कि जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी की जाएगी। एसपी ने स्पष्ट किया कि अभी तक लेवी या रंगदारी की कोई पुष्टि नहीं हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!